Bihar Weather: मकर संक्रांति के साथ ही बिहार में सर्दी के तेवर धीरे-धीरे नरम पड़ते दिख रहे हैं। मौसम विभाग के ताजा पूर्वानुमान के अनुसार, राज्य में अगले दो से तीन दिनों तक तापमान में किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है। हालांकि इसके बाद दिन के तापमान में धीरे-धीरे बढ़ोतरी होने के संकेत मिल रहे हैं। आने वाले एक सप्ताह तक प्रदेश में मौसम शुष्क बना रह सकता है।
अगले 24 घंटे कैसा रहेगा मौसम?
गुरुवार को बिहार के अधिकतर जिलों में अधिकतम तापमान 22 से 26 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है, जबकि न्यूनतम तापमान 6 से 12 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है। इस दौरान कई इलाकों में सुबह के समय मध्यम से घना कोहरा छाए रहने की आशंका है, जिससे दृश्यता प्रभावित हो सकती है।
किशनगंज सबसे गर्म, कई शहरों में सर्द रात
बीते 24 घंटों के दौरान राज्य में सबसे अधिक अधिकतम तापमान 26.3 डिग्री सेल्सियस किशनगंज में दर्ज किया गया। वहीं बांका में दिन का तापमान सबसे कम 21.1 डिग्री सेल्सियस रहा।
रात की ठंड की बात करें तो भागलपुर के सबौर, रोहतास के डेहरी और औरंगाबाद में न्यूनतम तापमान 7.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो प्रदेश में सबसे कम रहा।
कोहरे का असर: दृश्यता घटी
ठंड के साथ-साथ कोहरा भी लोगों की परेशानी बढ़ा रहा है। पश्चिम चंपारण के वाल्मीकिनगर में सबसे कम दृश्यता 50 मीटर रिकॉर्ड की गई, जिससे सुबह के समय सड़क और रेल यातायात पर असर पड़ा।

पटना में खिली धूप, दिन में राहत
राजधानी पटना में लगातार तीसरे दिन धूप निकलने से लोगों को दिन के समय सर्दी से आंशिक राहत मिली। बुधवार को यहां अधिकतम तापमान मामूली बढ़ोतरी के साथ 21.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान 10.9 डिग्री सेल्सियस पर स्थिर रहा। तापमान में बड़े बदलाव न होने से ठंड का असर कुछ हद तक कम महसूस किया गया।
भागलपुर में दिन सुहाना, रात सर्द
भागलपुर और आसपास के इलाकों में बीते कुछ दिनों से दिन के तापमान में गिरावट के बावजूद धूप लोगों को राहत दे रही है। हालांकि रात के समय ठंड का असर बरकरार है। सुबह के वक्त शहर को मध्यम कोहरे की चादर ढक लेती है, जिससे ठिठुरन और बढ़ जाती है।
आगे क्या कहता है मौसम विभाग?
भारतीय मौसम विभाग के अनुसार, शुक्रवार तक मौसम की यही स्थिति बनी रह सकती है। इसके बाद दिन और रात दोनों के तापमान में धीरे-धीरे इजाफा होने की संभावना है। बीते 24 घंटों में जहां दिन का तापमान 0.6 डिग्री सेल्सियस गिरा है, वहीं रात का न्यूनतम तापमान 0.6 डिग्री सेल्सियस बढ़ा है।
बिहार में सर्दी का असर अभी पूरी तरह खत्म नहीं हुआ है, लेकिन मकर संक्रांति के बाद मौसम में बदलाव साफ नजर आने लगा है। आने वाले दिनों में दिन गर्म और रातें धीरे-धीरे सामान्य होने की उम्मीद है, हालांकि कोहरे से फिलहाल राहत मिलने में थोड़ा वक्त लग सकता है।












