Sitamarhi News: समृद्धि यात्रा के तहत सोमवार को जिले के बेलसंड प्रखंड की चंदौली पंचायत स्थित पीएम हितनारायण विद्यालय में आयोजित कार्यक्रम के दौरान नीतीश कुमार ने जीविका स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं को बड़ी सौगात दी। इस मौके पर मुख्यमंत्री ने 4,813 जीविका स्वयं सहायता समूहों की 19,124 दीदियों को कुल 252 करोड़ रुपये का बैंक लिंकेज प्रदान किया।
इस आर्थिक सहयोग से ग्रामीण महिलाओं को स्वरोजगार के नए अवसर मिलेंगे और वे आत्मनिर्भरता की दिशा में और मजबूत कदम बढ़ा सकेंगी।
सतत जीविकोपार्जन योजना के तहत परिवारों को मिली मदद
कार्यक्रम के दौरान सतत जीविकोपार्जन योजना के अंतर्गत 386 लक्षित परिवारों को आर्थिक सहयोग दिया गया। इसके लिए मुख्यमंत्री की ओर से 1 करोड़ 19 लाख 84 हजार रुपये का डमी चेक प्रदान किया गया, जिससे जरूरतमंद परिवारों की आजीविका को स्थायित्व मिलेगा।

विकास योजनाओं के स्टॉल बने आकर्षण का केंद्र
मुख्यमंत्री के आगमन पर कार्यक्रम स्थल पर विभिन्न विभागों द्वारा विकास योजनाओं से जुड़े स्टॉल लगाए गए। इनमें जीविका, सीतामढ़ी की ओर से लगाया गया स्टॉल विशेष आकर्षण का केंद्र रहा। यहां जीविका दीदियों द्वारा तैयार किए गए अगरबत्ती, डॉल, मैक्रोम कला से बनी सजावटी वस्तुएं और मशरूम उत्पादों का प्रदर्शन किया गया।
दीदियों की मेहनत की मुख्यमंत्री ने की सराहना
उत्पादों को देखकर मुख्यमंत्री ने जीविका दीदियों की मेहनत और कौशल की सराहना की। उन्होंने कहा कि जीविका से जुड़कर महिलाएं न केवल आर्थिक रूप से मजबूत हो रही हैं, बल्कि ग्रामीण अर्थव्यवस्था को भी नई मजबूती मिल रही है।
प्रतीक चिह्न भेंट कर किया सम्मान
कार्यक्रम के दौरान जीविका दीदियों ने मुख्यमंत्री को प्रतीक चिह्न भेंट कर सम्मानित किया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण, स्वयं सहायता समूहों की महिलाएं और प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।
वरिष्ठ अधिकारी और जीविकाकर्मी रहे उपस्थित
इस कार्यक्रम में जीविका राज्य कार्यालय से राजीव कुमार सहित जिला परियोजना प्रबंधक उमा शंकर भगत, विभिन्न योजनाओं से जुड़े प्रबंधक, युवा पेशेवर और बड़ी संख्या में जीविकाकर्मी उपस्थित रहे।






