Bihar Election 2025: बिहार में चुनावी सरगर्मी चरम पर है। संभावना जताई जा रही है कि बिहार विधानसभा चुनाव 2025 की तारीख का ऐलान आज शाम चुनाव आयोग की ओर से किया जा सकता है। इससे पहले ही सभी राजनीतिक दलों ने अपनी रणनीतियों को अंतिम रूप देना शुरू कर दिया है।
मुकेश सहनी बोले – “हम सरकार बनाएंगे और डिप्टी सीएम भी बनेंगे”
विकासशील इंसान पार्टी (VIP) के सुप्रीमो मुकेश सहनी ने रविवार को बड़ा बयान देकर राजनीतिक माहौल गर्मा दिया। पत्रकारों द्वारा डिप्टी सीएम बनने के सवाल पर उन्होंने मुस्कुराते हुए कहा —
“शुभ-शुभ बोलो यार… हम हैं… सरकार बनाएंगे और डिप्टी सीएम भी बनेंगे।”
उनका यह बयान सोशल मीडिया और राजनीतिक गलियारों में चर्चा का विषय बना हुआ है।
तेजस्वी यादव के घर महागठबंधन की अहम बैठक
रविवार को तेजस्वी यादव के आवास पर महागठबंधन (इंडिया ब्लॉक) की एक अहम बैठक हुई। इस बैठक में आरजेडी, कांग्रेस, वामदल, वीआईपी और आरएलजेपी के नेता शामिल हुए।
सूत्रों के अनुसार, बैठक में चुनाव रणनीति और सीट बंटवारे को लेकर गहन चर्चा हुई।

सीट बंटवारे पर मुकेश सहनी का दावा
मुकेश सहनी ने कहा कि सीट बंटवारे पर फाइनल बातचीत हो चुकी है और अगले दो से तीन दिनों में औपचारिक घोषणा कर दी जाएगी। उन्होंने बताया कि सभी दलों के बीच तालमेल को लेकर सहमति बन चुकी है।
आरजेडी नेता आलोक मेहता ने क्या कहा?
बैठक के बाद राजद विधायक आलोक मेहता ने बताया कि सीट शेयरिंग को लेकर लगभग सभी बिंदुओं पर सहमति बन चुकी है। हालांकि, पशुपति पारस गुट और वीआईपी पार्टी को लेकर कुछ मुद्दों पर चर्चा बाकी है।
महागठबंधन में शामिल दलों की पूरी लिस्ट
बिहार में इंडिया गठबंधन का नेतृत्व लालू प्रसाद यादव की पार्टी राष्ट्रीय जनता दल (RJD) कर रही है। इस गठबंधन में शामिल प्रमुख दल हैं:
- भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस
- विकासशील इंसान पार्टी (VIP)
- सीपीआई और सीपीआई (एमएल)
- पशुपति पारस गुट की राष्ट्रीय लोक जनशक्ति पार्टी (RLJP)
- झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM)
फिलहाल सीट बंटवारे को लेकर कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है, लेकिन उम्मीद जताई जा रही है कि महागठबंधन जल्द ही सीट शेयरिंग फॉर्मूला सार्वजनिक करेगा।












