Bihar Electricity: राजधानी पटना के साथ-साथ भागलपुर और मुजफ्फरपुर में बिजली तारों को अंडरग्राउंड करने की बड़ी योजना तैयार की जा रही है। बिजली कंपनी मुख्यालय स्तर पर इस परियोजना का खाका तैयार कर रही है। प्रस्ताव को जल्द ही राज्य कैबिनेट की मंजूरी के लिए भेजा जाएगा। मंजूरी मिलने के बाद निविदा प्रक्रिया शुरू होगी और फिर काम को गति दी जाएगी।
जहां अंडरग्राउंड केबलिंग संभव नहीं, वहां लगेंगे कवर्ड वायर
बिजली कंपनी के मुताबिक जिन इलाकों में सड़क निर्माण या अन्य कारणों से अंडरग्राउंड केबल डालना मुश्किल होगा, वहां कवर्ड वायर लगाए जाएंगे। कवर्ड वायर की खासियत यह है कि इससे करंट लगने का खतरा कम हो जाता है। पटना के कई इलाकों में पहले से ही कवर्ड वायर लगाए जा चुके हैं और यह व्यवस्था कारगर साबित हुई है।
पटना में दूसरे चरण का काम फिर से शुरू होगा
पटना में पहले भी अंडरग्राउंड केबलिंग का काम किया गया था। आयकर गोलंबर से आर ब्लॉक होते हुए एयरपोर्ट मोड़ और राजभवन के आसपास के क्षेत्र में सड़क के एक हिस्से पर केबलिंग पूरी की जा चुकी है। अब दूसरे चरण के तहत सड़क के उस हिस्से में काम कराया जाएगा जहां यह प्रक्रिया पहले अधूरी रह गई थी।
सूत्रों के अनुसार इस प्रोजेक्ट के लिए जरूरी उपकरण मंगाए जा चुके हैं। जल्द ही डाकबंगला और नेहरू पथ के उस हिस्से में काम शुरू किया जाएगा जहां अब तक अंडरग्राउंड केबलिंग नहीं हो पाई है।

बड़ी योजना पर भी तेजी से हो रही तैयारी
मुख्यालय स्तर पर एक लगभग 500 करोड़ रुपये की बड़ी योजना भी तैयार की जा रही है। इसके तहत पटना शहर में व्यापक स्तर पर अंडरग्राउंड केबलिंग की जाएगी, जबकि भागलपुर और मुजफ्फरपुर के चयनित क्षेत्रों में भी यह काम शुरू होना है।
दोनों शहरों के डिवीजन स्तर पर यह तय किया जा रहा है कि किन इलाकों में प्राथमिकता के आधार पर काम शुरू किया जाए।
अगले वर्ष शुरू हो सकता है काम
इस योजना को मंजूरी के लिए राज्य कैबिनेट के पास भेजा जाएगा। स्वीकृति मिलते ही कार्यान्वयन के लिए एजेंसी चयन की प्रक्रिया शुरू होगी। कोशिश है कि अगले वर्ष इस परियोजना के तहत काम शुरू करा दिया जाए, ताकि शहरों में बिजली आपूर्ति और भी सुरक्षित एवं व्यवस्थित हो सके।












