Patna: बिहार सरकार ने मंत्रिपरिषद की अगली बैठक की तारीख तय कर दी है। मंत्रिमंडल सचिवालय विभाग की ओर से जारी आधिकारिक सूचना के अनुसार 13 जनवरी 2026 (मंगलवार) को कैबिनेट की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की जाएगी। यह बैठक पूर्वाह्न 11:00 बजे से शुरू होगी, जिसमें मुख्यमंत्री, उपमुख्यमंत्री और राज्य के सभी मंत्री शामिल होंगे।
मुख्य सचिवालय में होगी उच्चस्तरीय कैबिनेट बैठक
यह अहम बैठक राजधानी पटना स्थित बिहार सचिवालय के मंत्रिमंडल कक्ष में संपन्न होगी। बैठक को लेकर सरकार की ओर से सभी आवश्यक तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। मंत्रिमंडल सचिवालय विभाग के विशेष सचिव अरविंद कुमार वर्मा द्वारा जारी पत्र में संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं।
विकास और वित्त से जुड़े बड़े प्रस्तावों पर हो सकती है चर्चा
कैबिनेट बैठक में राज्य के विकास कार्यों, प्रशासनिक सुधारों और वित्तीय प्रस्तावों पर चर्चा होने की संभावना है। इसी को देखते हुए विकास आयुक्त और वित्त विभाग के प्रधान सचिव सहित कई शीर्ष अधिकारियों को बैठक के सुचारू आयोजन के निर्देश दिए गए हैं।

कैबिनेट फैसलों की जानकारी के लिए होगी प्रेस कॉन्फ्रेंस
बैठक के बाद सरकार द्वारा लिए गए फैसलों की जानकारी मीडिया को दी जाएगी। इसके लिए सूचना एवं जनसंपर्क विभाग को निर्देश दिया गया है कि सूचना भवन के सभागार में प्रेस कॉन्फ्रेंस की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि फैसलों को समय पर सार्वजनिक किया जा सके।
सुरक्षा और तकनीकी तैयारियों पर विशेष जोर
कैबिनेट बैठक को लेकर प्रशासनिक और तकनीकी स्तर पर भी तैयारियां तेज कर दी गई हैं। भवन निर्माण विभाग, विद्युत कार्य प्रभाग और उद्यान विभाग के अधिकारियों को आवश्यक इंतजाम करने के निर्देश दिए गए हैं। वहीं, सुरक्षा व्यवस्था के लिए सचिवालय के पुलिस उपाधीक्षक और केयर टेकर को भी अलर्ट किया गया है।
इन अधिकारियों को भेजी गई बैठक की सूचना
बैठक की सूचना राज्यपाल के प्रधान सचिव, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव, सभी विभागों के अपर मुख्य सचिव, प्रधान सचिव और सचिवों को भेजी गई है। इसके अलावा पटना विद्युत आपूर्ति उपक्रम (PESU) और अन्य संबंधित विभागों के कार्यपालक अभियंताओं को भी आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।












